नीमच में सनसनीखेज वारदात, एक ही परिवार के लोगो पर जानलेवा हमला, 4 गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी।
अपराध
S S Kachhawa
नीमच में सनसनीखेज वारदात, एक ही परिवार के लोगो पर जानलेवा हमला, 4 गंभीर घायल, पुलिस जांच में जुटी।
Updated : May 31, 2025 02:50 PM
नीमच। नीमच शहर के केंट थाना क्षेत्र अंतर्गत मूलचंद मार्ग पर स्थित एक घर में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह सनसनीखेज वारदात शनिवार सुबह करीब 11 बजे उस समय सामने आई जब पीड़ित परिवार की बेटी अपने ससुराल से उनसे मिलने पहुंची। घर का दरवाजा खोलने पर भीतर का खौफनाक मंजर देखकर उसके होश उड़ गए, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने रात के अंधेरे में घर में घुसकर दो पुरुषों और दो महिलाओं पर बेरहमी से वार किए। हमले में परिवार के सभी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि बंद कमरे में हुई इस भयावह घटना की भनक पड़ोसियों तक को नहीं लगी।
बेटी ने जैसे ही अंदर का दृश्य देखा, उसने तत्काल आसपास के लोगों को सूचित किया और केंट पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नवल सिंह सिसोदिया, प्रभारी SDM किरण आंजना और केंट थाना प्रभारी सहित आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना समय गंवाए चारों घायल सदस्यों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका गहन उपचार जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड और FSL की टीमें भी पहुंच गई हैं और बारीकी से साक्ष्य जुटा रही हैं। पुलिस इस वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुट गई है। और जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।