एसपी की सटीक रणनीति: 1 करोड़ 52 लाख की ड्रग्स मनी पर SAFEMA का शिकंजा, तस्कर रतनलाल धराशायी, पढ़े खबर।
अपराध

S S Kachhawa
एसपी की सटीक रणनीति: 1 करोड़ 52 लाख की ड्रग्स मनी पर SAFEMA का शिकंजा, तस्कर रतनलाल धराशायी, पढ़े खबर।
Updated : April 26, 2025 03:57 PM

नीमच: मादक पदार्थों की तस्करी में लंबे समय से लिप्त रतनलाल उर्फ कन्हैयालाल उर्फ कान्हा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रतनगढ़ थाना क्षेत्र के जनकपुर गांव के निवासी 34 वर्षीय रतनलाल की लगभग 1 करोड़ 52 लाख की चल-अचल संपत्ति को मुंबई के SAFEMA न्यायालय ने फ्रीज करने का आदेश जारी किया है।
यह कार्रवाई जावद पुलिस द्वारा दर्ज किए गए अपराध क्रमांक 14/2025, धारा 8/15, 29 एनडीपीएस एक्ट से संबंधित है। इस मामले में 8 जनवरी 2025 को नयागांव चौकी पर पदस्थ सउनि शिवलाल कलमी ने मुखबिर की सूचना पर बोरखेड़ी-अचलावदा तिराहे पर नाकाबंदी कर एक पिकअप वाहन (क्रमांक एमपी 44 झेडसी 4362) से 520 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा जब्त किया था। मौके से रतनसिंह रावत और पवन खटीक को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी रतनलाल घटना के बाद से फरार था, जिसे 1 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया गया।
जावद पुलिस ने इस मामले में वित्तीय अनुसंधान करते हुए आरोपी रतनलाल की अवैध रूप से अर्जित लगभग 1 करोड़ 52 लाख की चल-अचल संपत्ति को जब्त करने के लिए 13 मार्च 2025 को SAFEMA न्यायालय मुंबई में प्रस्ताव प्रस्तुत किया था।
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय, राजस्व विभाग के सक्षम अधिकारी, SAFEMA/NDPS ने 8 अप्रैल 2025 को जारी अपने आदेश में थाना प्रभारी जावद द्वारा पारित जब्ती आदेश की पुष्टि कर दी है। इस फ्रीजिंग आदेश के बाद आरोपी रतनलाल द्वारा अर्जित संपत्ति को अगले आदेश तक हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल ने बताया कि आदतन अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।