आईजी उमेश जोगा ने की कार्यो की समीक्षा बैठक, तस्करी और भूमाफियाओं पर कसेगा शिकंजा, पढ़े खबर।
प्रशासनिक

S S Kachhawa
आईजी उमेश जोगा ने की कार्यो की समीक्षा बैठक, अब नशे और जमीन के माफियाओं पर कसेगा शिकंजा, पढ़े खबर।
Updated : June 10, 2025 08:36 PM

नीमच। उज्जैन जोन के आईजी उमेश जोगा आज अपनी मासिक समीक्षा बैठक के लिए नीमच पहुँचे। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कानून व्यवस्था से लेकर नशा तस्करी पर लगाम लगाने जैसे कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इस अवसर पर आईजी जोगा ने यह भी बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा कराए गए एक गुप्त सर्वे में नीमच जिला पुलिस ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।
नशा तस्करी पर कसेगी नकेल
आईजी उमेश जोगा ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि नीमच, मंदसौर और रतलाम जिले अफीम की खेती के प्रमुख केंद्र होने के कारण नशा तस्करों के निशाने पर रहते हैं। इसे देखते हुए पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 12 से 26 जून तक एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एनडीपीएस एक्ट के तहत अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई करना है, ताकि युवा पीढ़ी को तस्करी के इस दलदल में फँसने से बचाया जा सके।
जमीनी विवादों का होगा त्वरित निपटारा
आईजी जोगा ने एक नई पहल की घोषणा करते हुए बताया कि जल्द ही पूरे उज्जैन जोन में एक विशेष अभियान शुरू किया जाएगा, जिसका लक्ष्य थानों में दर्ज भूमि-संबंधी विवादों का निपटारा करना होगा। इसके लिए पुलिस विभाग, राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर मामलों को सुलझाएगा, ताकि आम जनता को त्वरित राहत मिल सके।
हमारी पहली प्राथमिकता थाने में आने वाले हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या का जल्द से जल्द और संतोषजनक निराकरण करना है। उन्होंने पिछले 5 महीनों में हुए अपराधों की तुलना पिछले 2 वर्षों के आंकड़ों से करने का निर्देश भी दिया, ताकि अपराध दर के घटने या बढ़ने का सटीक विश्लेषण किया जा सके।
कामकाज में नीमच अव्वल
राज्य स्तरीय गुप्त सर्वे में नीमच पुलिस को नंबर वन बताए जाने पर आईजी ने पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरे उज्जैन जोन सहित नीमच में कानून व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से फील्ड में कार्रवाई के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।